
- विज्ञापन (Article Top Ad) -
चम्बा , 22 मार्च [ के एस प्रेमी ] ! जिला के चमीणू स्थित नॉट ऑन मैप एचटूओ हाउस में चम्बा व ब्रिटिश संस्कृति का मिलन हुआ। ब्रिटेन से वेंडी डोलन की अगवाई में चम्बा पहुंचे 20 लोगों के दल ने यहां पहुंचकर चम्बा रूमाल के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। जैसे ही ब्रिटिश दल चमीणू पहुंचा तो यहां चल रहे वैदिक गुरुकुल के विद्यार्थियों ने उनका मंत्रोच्चारण व तिलक से भव्य स्वागत किया। वैदिक गुरुकुल के विद्यार्थियों की ओर से किए गए भव्य स्वागत से दल के सभी सदस्य गदगद हो उठे। यह दल आहिल्या होलिडेस ट्रैवल एजेंसी के साथ चम्बा पहुंचा। आहिल्या होलिडेस ट्रैवल एजेंसी की ओर से जिला चम्बा के चमीणू स्थित एचटूओ हाउस में चम्बा रुमाल पर कार्यशाला व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें नॉट ऑन मैप संस्था का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यशाला में उपायुक्त चम्बा डीसी राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि, पदमश्री विजय शर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कार्यशाला का आगाज करते हुए चम्बा रूमाल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चम्बा रुमाल यहां की बेहतरीन कला का बेमिसाल नमूना है। यहां पर पहुंचने के बाद वेंडी डोलन व समूह के अन्य सदस्यों ने पद्मश्री विजय शर्मा से चम्बा रुमाल की बारीकियों के बारे में विस्तार से जाना। पद्मश्री विजय शर्मा ने दल को बताया कि चम्बा रूमाल रियासत काल से ही काफी प्रसिद्ध रहा है। इसे तैयार करने के लिए काफी मेहनत लगती है। इस पर कढ़ाई करने के लिए काफी समय लगता है। वहीं, दल ने चम्बा रूमाल को तैयार करने की तकनीक भी सीखी। साथ ही यह भी माना कि चम्बा रुमाल को तैयार करना काफी मेहनतभरा व बारीक कार्य है। इस दौरान चम्बा के सांस्कृतिक दलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। जिसे देखकर ब्रिटिश ग्रुप काफी उत्साहित दिखा। वहीं, आहिल्या होलिडेस ट्रैवल एजेंसी चलाने वाले ईशा व अनूप ने कहा कि उनके द्वारा विभिन्न दलों को देश के कोने-कोने में ले जाकर कला व संस्कृति के बारे में अवगत करवाया जा रहा है। चम्बा रुमाल कला काफी स्मृद्ध है। इसलिए आने वाले समय में भी वह दोबारा विभिन्न दलों के साथ यहां पहुंचेंगे तथा चम्बा रूमाल की बारीकियों से अवगत करवाएंगे। उधर, नॉट ऑन मैप संस्था के सह-संस्थापक मनुज शर्मा ने कहा कि चम्बा रूमाल कला को समझने के लिए इससे जुड़ना बहुत जरूरी है। चम्बा रुमाल एक ऐसी कला है, जिसने न केवल प्रदेश व देश, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपना लोहा मनवाया है। इस कला से चम्बा के विभिन्न समूह जुड़े हुए हैं। इस मौके पर मां दुर्गा स्वयं सहायता समूह से राष्ट्रीय अवार्डी अनीता, पूनम, सुमन, रेनू, पूजा, किरण, मनीषा, करीना, पूजा तथा दक्षिता, नारायण स्वयं सहायता समूह कुंडी से सुनीता, प्रधान लक्ष्मी देवी, उपप्रधान सुरेंद्र जरयाल, नॉट ऑन मैप संस्था से सूरज, दिवांकिता शाह, तनू, सुरिंद्र, अनूप, हनीफ, विशाल तथा राकेश शेखरी, गाबदिका स्वयं सहायता समूह से शंकर कुमार, पहचान एवं चंबा रीडिस्कवर्ड स्वयं सहायता समूह से ज्योति, निशा, आरती, अनीशा, प्रिया, मनीषा, रफी हाउस से मोहम्मद रफी आदि मौजूद रहे। https://youtube.com/playlist?list=PLfNkwz3upB7OrrnGCDxBewe7LwsUn1bhs
- विज्ञापन (Article Inline Ad) -
- विज्ञापन (Article Bottom Ad) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 1) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 2) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 3) -
- विज्ञापन (Sidebar Ad 4) -